MP LIVE Weather: पहाड़ों से आई बर्फीली हवाओं ने बढ़ाई ठंड, 10 साल में सबसे गर्म रहा दिसंबर

अब होगा सर्दी का अहसास

MP LIVE: मध्यप्रदेश में 10 साल में पहली बार ऐसा रहा, जब दिसंबर में सर्दी कम रही। लोगों को इस बार दिसंबर में भी पंखे का सहारा लेना पड़ा। प्रदेश के चार प्रमुख शहरों के 10 साल के न्यूनतम तापमान पर नजर डालें, तो दिसंबर 2022 सबसे गर्म रहा। चारों प्रमुख शहरों में रात का पारा सबसे ज्यादा रहा। भोपाल और इंदौर में यह सबसे ज्यादा रहा। अब तक सबसे ज्यादा ठंड वाले जबलपुर-ग्वालियर में भी लोगों को ठंड इस बार दिसंबर में उतनी कंपकंपा नहीं पाई।

अब होगा सर्दी का अहसास

पहाड़ों से आई सीधी बर्फीली हवा के कारण अब मध्यप्रदेश में ठंड बढ़ गई है। भोपाल समेत कई शहर शीतलहर की चपेट में आ गए हैं। मौसम विभाग के अनुसार नए साल की शुरुआत में उत्तर के पहाड़ी राज्यों से लेकर पूर्वी और उत्तरी मध्यप्रदेश के अधिकांश इलाकों में घना कोहरा रह सकता है। भोपाल में सुबह के समय हल्का कोहरा है, लेकिन पहली बार दृश्यता 2 किलोमीटर तक रह गई। सामान्यत: यह 5 किलोमीटर तक रहती है। आने वाले समय में ग्वालियर, चंबल में कोहरा और बढ़ सकता है। उत्तरी हवाओं के कारण प्रदेश के कई जिलों में रात का पारा 10 डिग्री सेल्सियस के नीचे आ गया। दतिया सबसे ठंडा रहा। यहां न्यूनतम तापमान 6 डिग्री सेल्सियस के नीचे आ गया। इसके अलावा धार, गुना, ग्वालियर, पचमढ़ी, राजगढ़, रतलाम, खजुराहो, नौगांव और सागर में न्यूनतम तापमान 10 डिग्री सेल्सियस के नीचे चला गया।

अगले एक सप्ताह के दौरान ग्वालियर, सागर और जबलपुर और इसके आसपास के जिलों में न्यूनतम तापमान 6 से 10 डिग्री सेल्सियस के बीच रह सकता है। इन इलाकों में अधिकतम तापमान 20 से 24 डिग्री सेल्सियस के बीच रह सकता है। भोपाल, इंदौर और उज्जैन और इसके आसपास के जिलों में रात का पारा 10 से 14 डिग्री सेल्सियस के बीच रह सकता है। अधिकतम यानी दिन का पारा इन इलाकों में 22 से 28 डिग्री सेल्सियस के बीच रह सकता है।