मध्य प्रदेश में मौसम का बदला मिजाज, ओलावृष्टि और बारिश का अलर्ट

MP Live. मध्य प्रदेश में मौसम ने अचानक करवट बदली है। हरदा और बैतूल में ओलावृष्टि और तेज बारिश की आशंका जताते हुए अलर्ट जारी किया गया है। मौसम विभाग ने प्रदेश के अन्य इलाकों में भी बारिश की संभावना जताई है। इस बदलाव से ठंडक बढ़ गई है, लेकिन किसानों में दलहन और तिहलहन फसलों को लेकर चिंता बढ़ गई है।

जबलपुर-शहलोड संभाग में बारिश का यलो अलर्ट:

मप्र के चंबल ग्वलियर अंचल के कुछ जिलों में पिछले 24 घंटे में हल्की बारिश दर्ज की गई है। मौसम विभाग के अनुसार सोमवार को हरदा-बैतूल, छिंदवाड़ा, सिवनी, नर्मदापुरम, जबलपुर, खंडवा, बुरहानपुर और नरसिंहपुर जिलों में गरज-चमक के साथ तेज बारिश की आशंका है। कुछ जिलों में ओलावृष्टि भी हो सकती है। मौसम विभाग ने महाकौशल के जबलपुर, मंडला, बालाघाट, डिंडोरी, उमरिया, शहडोल और अनूपपुर जिलों में बारिश का येलो अलर्ट जारी किया है।

मौसम बदलाव का कारण:

मौसम वैज्ञानिकों ने बारिश की वजह ट्रफ लाइन गुजरने और चक्रवाती घेरे को बताया है। इससे बारिश ही नहीं बल्कि कुछ इलाकों में ओलावृष्टि की भी आशंका है। ओलावृष्टि के चलते खेतों में खड़ी फसल को नुकसान हो सकता है। गेहूं की फसल को फायदा हो सकता है, लेकिन चना मसूर और सरसों की फसल चौपट हो सकती है क्योंकि यह फसलें पकने लगी हैं और कई जगह कटाई शुरू हो चुकी है।

तापमान में गिरावट:

मप्र में मौसम के बदले मिजाज ने ठंडक बढ़ा दी है। न्यूनतम तापमान में 7.1 डिग्री सेल्सियस तक की गिरावट दर्ज की गई है। शाजापुर जिले के गिरवर में न्यूनतम तापमान 7.1 डिग्री सेल्सियस, छतरपुर जिले के बिजावर में 7.3 और पचमढ़ी में 7.4 डिग्री सेल्सियस न्यूनतम तापमान दर्ज किया गया। वहीं खऱगोन सबसे गर्म स्थान रहा, जहां अधिकतम तापमान 32.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।